रांची: झारखंड की राजधानी रांची की सड़कों पर इन दिनों 308 पहियों वाला एक दैत्याकार मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रेलर ट्रक कौतूहल और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस विशेष वाहन पर लदी विशालकाय मशीन को देखने और तस्वीरें-वीडियो बनाने के लिए राहगीर सड़कों पर रुक रहे हैं।
यह विशालकाय मशीन वियतनाम से मंगाई गई है, जिसे ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश की एक चीनी मिल तक ले जाया जा रहा है। अत्यधिक वजन और बड़े आकार के कारण यह काफिला दिनभर में महज 10 से 12 किलोमीटर का ही सफर तय कर पाता है। करीब दो महीने पहले बंदरगाह से रवाना हुआ यह काफिला अगले दो महीनों में अपनी मंजिल तक पहुंचेगा।
रास्ते में संकरे मोड़ों, ट्रैफिक और हाईटेंशन बिजली के तारों को बचाते हुए इस ट्रक को आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल, आगे रेलवे ओवरहेड या क्रॉसिंग की क्लीयरेंस न मिलने के कारण यह विशाल वाहन पिछले तीन दिनों से रांची के नगड़ी टोल नाके के पास रुका हुआ है। रविवार को पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सिमलिया रिंग रोड स्थित फार्म हाउस के पास से गुजरने के दौरान भी इसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
