पटना: रक्षाबंधन और ‘वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के पावन अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल की। उन्होंने शुक्रवार को पटना स्थित राजधानी वाटिका-1 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक वृक्ष को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर प्रकृति और पेड़-पौधों की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में ‘नागलिंगम’ का पौधा रोपकर हरित बिहार का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वृक्ष सुरक्षा दिवस’ मनाने का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और उन्हें बड़े पैमाने पर पौधारोपण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि तेजी से बदलते जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से बचने के लिए केवल नए पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि लगाए गए वृक्षों की सुरक्षा और उनकी देखभाल करना हम सभी की सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है।
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे निरंतर अभियानों के कारण अब बिहार के नागरिक पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं की सुरक्षा और हरियाली बढ़ाने को लेकर पहले से कहीं अधिक जागरूक और संवेदनशील हो रहे हैं।
