रांची: दिशोम गुरु के नाम से मशहूर और पद्म भूषण से सम्मानित पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर मंगलवार को रांची समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 28 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जहां अधिकारियों ने राज्य निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। इसके बाद अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की। रक्तदान करने वालों में रांची के उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन और उपविकास आयुक्त (DDC) संजय भगत प्रमुख रूप से शामिल रहे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रक्तदान को सबसे बड़ा दान बताते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिकों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सके।
रक्तदाताओं का हुआ सम्मान, मरीजों ने जताया आभार
शिविर के दौरान सिकल सेल बीमारी से पीड़ित मरीजों ने पहल की सराहना करते हुए उपायुक्त को गुलाब का फूल देकर धन्यवाद व्यक्त किया। वहीं, एडीएम (नक्सल) सुदर्शन मुर्मू, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज और जिला खेल पदाधिकारी शिवेन्द्र कुमार समेत सभी 28 रक्तदाताओं को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
