डॉ. करमा उरांव के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना हमारी ज़िम्मेदारी: अंतर आदिवासी छात्रावास फुटबॉल टूर्नामेंट में बोलीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

रांची: स्वर्गीय डॉ. करमा उरांव स्मृति अंतर आदिवासी छात्रावास फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के उद्घाटन समारोह में राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की शामिल हुए। इस प्रतियोगिता में कुल 28 छात्रावासों की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मैच वीर बुधु भगत आत्मा छात्रावास A और यदुवंश छात्रावास, करम टोली के बीच खेला गया, जिसमें वीर बुधु भगत आत्मा छात्रावास A ने 2-1 से जीत हासिल की।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि डॉ. करमा उरांव जैसे महान शिक्षाविद और समाजचिंतक के विचारों व योगदान को देश-दुनिया तक पहुँचाना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासी बच्चों के लिए शिक्षा की राह आज भी चुनौतीपूर्ण है और कई विद्यार्थी आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं। ऐसे में शहरों के छात्रावासों में रहकर पढ़ रहे छात्रों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है—उन्हें अपने गाँव व समाज के लिए जागरूकता और नेतृत्व का माध्यम बनना होगा। मंत्री ने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों, जल-जंगल-जमीन, ग्राम सभा और पेसा (PESA) कानून के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

वहीं, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को डॉ. उरांव के विचारों से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही भविष्य के अधिकारी, शिक्षक, डॉक्टर, वकील और जनप्रतिनिधि बनेंगे, और उनकी सफलता तभी सार्थक मानी जाएगी जब उनका समाज भी साथ आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर स्वर्गीय डॉ. करमा उरांव की धर्मपत्नी शांति उराँव भी उपस्थित थीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *