हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मियापुर इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही एक 19 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका अपनी बहनों के साथ मियापुर स्थित एक अपार्टमेंट में रह रही थी और नीट परीक्षा की तैयारी में जुटी थी। शनिवार को उसने अपने कमरे में कथित तौर पर फंदे से लटक कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। रविवार को पुलिस ने इस दर्दनाक घटना की आधिकारिक पुष्टि की।
जांच में जुटी पुलिस: फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए छात्रा के परिजनों और उसकी बहनों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सघन जांच जारी है।
