जमशेदपुर में बड़ा हादसा: अनियंत्रित होकर कोटक महिंद्रा बैंक में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, चालक गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा की इमारत में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैंक भवन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बाल-बाल बचा एटीएम गार्ड

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक साकची की ओर आ रहा था, तभी चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रक सीधे बैंक के फ्रंट हिस्से को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त बैंक परिसर में तैनात एटीएम गार्ड बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रक थोड़ा और भीतर चला जाता या बाहर लोगों की भीड़ होती, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

क्रेन से हटाया गया ट्रक, जांच में जुटी पुलिस

घटना की तुरंत सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया गया। बचाव दल ने ट्रक के केबिन में फंसे घायल चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

साकची थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर सामान्य किया गया। शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *