रांची: राजधानी रांची में गुरुवार को सियासी पारा उस वक्त उबल पड़ा जब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
अंडे, टमाटर और बोतलें फेंकी गईं
प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार, कांग्रेस के घेराव प्रदर्शन के दौरान अचानक माहौल गरमा गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी जाने लगीं। इसके बाद पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच सीधी भिड़ंत और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस का लाठीचार्ज, मची भगदड़
तनावपूर्ण माहौल और उग्र होती भीड़ को बेकाबू होते देख सुरक्षा में तैनात पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। लाठीचार्ज होते ही बीजेपी कार्यालय के बाहर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
छावनी में तब्दील हुआ इलाका
घटना के समय बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हालांकि, एकाएक हुए पथराव और उग्र विरोध के चलते क्षेत्र कुछ देर के लिए जंग के मैदान जैसा दिखाई देने लगा। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे इलाके में मुस्तैद है।
