महुआडांड़ (लातेहार): झारखंड की महुआडांड़ थाना पुलिस ने अपनी संवेदनशीलता और तत्परता से एक बार फिर जनता का दिल जीत लिया है। पुलिस की मानवीय पहल के चलते बिहार के नवादा जिले से भटककर पहुंचे 19 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को महज 24 घंटे के भीतर सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया गया।
एक महीने से लापता था युवक
जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा जिला (थाना-सिरदला, ग्राम-पांडेडीह कॉलोनी) का रहने वाला 19 वर्षीय बिक्रम राजवंशी (पिता- गोरेलाल राजवंशी) पिछले एक महीने से भी अधिक समय से अपने घर से गायब था। परिजन लगातार उसे तलाश रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। बीते दिन युवक भटकते हुए लातेहार जिले के महुआडांड़ क्षेत्र में आ पहुँचा।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
युवक को असहाय और लाचार स्थिति में देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत महुआडांड़ पुलिस को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार रवि दास स्वयं मौके पर पहुँचे और युवक को सुरक्षित थाने लेकर आए। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण युवक स्पष्ट रूप से अपना नाम और पता नहीं बता पा रहा था।
इसके बावजूद पुलिस टीम ने धैर्य से काम लिया। थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में पुलिस ने युवक से बातचीत की और बिहार पुलिस के संपर्क में आकर उसके गाँव और परिजनों का पता लगाया।
भावुक हुए परिजन, पुलिस की हुई सराहना
परिजनों के महुआडांड़ पहुँचते ही कानूनी प्रक्रिया पूरी कर युवक को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। एक महीने बाद अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत देखकर परिजनों की आँखें नम हो गईं।
थाना प्रभारी अमित कुमार रवि दास ने इस मौके पर कहा, “पुलिस का धर्म सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि संकट में पड़े असहायों की मदद करना भी है। युवक को उसके परिवार से मिलाकर हमें आत्मसंतोष मिला है।”
महुआडांड़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी जमकर प्रशंसा हो रही है।
