रांची: 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) में हुई धांधली की जांच कर रही CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित परीक्षा संचालक एजेंसी ‘TDPL’ के कार्यालय को सील कर दिया है। सीआईडी की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आदर्श कॉम्प्लेक्स स्थित कंपनी के दफ्तर में छापेमारी कर कई संवेदनशील दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि 19.62 करोड़ रुपये का टर्नओवर दिखाने वाली इस कंपनी का दफ्तर महज दो कमरों से संचालित हो रहा था।
इस बीच, मामले में पूछताछ के दौरान सीआईडी को बड़ा सुराग मिला है। 14वीं JPSC PT में सफल तीन अभ्यर्थियों और गिरफ्तार एजेंटों ने स्वीकार किया है कि परीक्षा पास कराने के नाम पर 10-10 लाख रुपये का एडवांस पेमेंट लिया गया था। यह पूरा नेटवर्क मुख्य एजेंट रमेश कुमार और उसके सहयोगियों के जरिए चलाया जा रहा था। सीआईडी ने कंपनी के निदेशक रामवीर सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे सह-निदेशक सत्यपाल सिंह की तलाश में उत्तर प्रदेश के कई शहरों में लगातार छापेमारी जारी है।
