साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर राजमहल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 78.30 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
राजमहल एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 28 अगस्त को मिले इनपुट के आधार पर मुर्गी टोला इलाके में छापेमारी कर आरोपी शेख अली शेख को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध ड्रग नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों और खरीदारों का पता लगाया जा सके।
