लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी सर्वसमाज की युवा प्रतिभाओं को उम्मीदवार बनाने में प्राथमिकता देगी। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर बताया कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में पार्टी युवाओं को अधिक से अधिक अवसर देगी, ताकि नई पीढ़ी के जरिए आंबेडकरवादी राजनीति और संवैधानिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की जा सके।
मायावती ने कहा कि बसपा युवाओं को तरजीह देने की अपनी नीति के तहत पार्टी संगठन में ‘जेन-जी’ (Gen-Z) को लगभग 50 प्रतिशत तक भागीदारी देने की प्रक्रिया लंबे समय से चला रही है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब चुनावी मैदान में भी सर्वसमाज के कर्मठ एवं युवा चेहरों को टिकट दिया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि प्रत्याशियों के चयन के दौरान सर्वसमाज के अच्छे व युवा लोगों को प्राथमिकता दें।
