JPSC-JSSC भर्ती घोटाला: CID ने बढ़ाया जांच का दायरा, गिरिडीह और कोडरमा तक पहुंचे सिंडिकेट के तार

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति परीक्षाओं में हुई धांधली मामले में सीआईडी (CID) ने अपनी जांच तेज कर दी है। फर्जीवाड़े का नेटवर्क अब गिरिडीह और कोडरमा सहित आसपास के इलाकों तक फैलता नजर आ रहा है। मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईडी ने कोडरमा से दो मध्यस्थों (बिचौलियों) संदीप कुमार और राजेश प्रसाद यादव को हिरासत में लिया है, जो अभ्यर्थियों और सिंडिकेट के बीच साठगांठ (सेटिंग) का काम करते थे।

जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी अभय तिवारी है, जिसने परीक्षा सिंडिकेट तैयार कर खुद के साथ-साथ अपनी पत्नी और रिश्तेदारों को भी गलत तरीकों से पास कराकर नौकरी दिलाई। हाल ही में अदालत ने मामले में शामिल श्वेता गुप्ता और पवन कुमार सिंह की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। जांच के मुताबिक, यह गिरोह गारंटीड सेलेक्शन के नाम पर अभ्यर्थियों से 25 से 40 लाख रुपये तक वसूलता था और परीक्षा से पहले प्रश्न-उत्तर रटवाता था। सीआईडी अब संदिग्ध कोचिंग संचालकों और अन्य नेटवर्क से जुड़े लोगों को नोटिस भेजकर पूछताछ कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *