सारण: बिहार के सारण जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। तरैया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर के बाहर बैठी एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता नीलम देवी शनिवार रात अपने घर के बरामदे में बैठी हुई थीं। इसी दौरान अचानक पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही नीलम देवी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे।
घायल महिला को परिजनों की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाने की पुलिस पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को चिन्हित कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
