रांची: झारखंड की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आजसू (AJSU) पार्टी के प्रमुख चेहरे और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो ने शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस अचानक फैसले से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए हरेलाल महतो ने कहा कि वे पार्टी के केंद्रीय महासचिव पद और प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं, लेकिन उनके हृदय में आजसू पार्टी और उसके सभी पदाधिकारियों के लिए हमेशा सम्मान बना रहेगा।
उल्लेखनीय है कि हरेलाल महतो आजसू पार्टी के एक वरिष्ठ नेता रहे हैं और उन्होंने 2014 तथा 2019 के विधानसभा चुनावों में आजसू के टिकट पर ईचागढ़ सीट से चुनाव लड़ा था। आगामी राजनीतिक गतिविधियों और उनके अगले कदम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
