उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण लापता हुए आठ लोगों में से चौथे दिन बचाव टीम को बड़ी सफलता मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान मंगलवार को बचाव दल ने दो लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। इस हादसे में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के सात ट्रेकर्स तथा एक स्थानीय गाइड के लापता होने की सूचना थी।
बचाव अभियान में मिली सफलता
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी में करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस ट्रेक पर लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। मंगलवार को चौथे दिन, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त पर्वतीय बचाव टीम (एमआरटी) ने बर्फ में दबे हुए एक महिला और एक पुरुष के शव को तलाश निकाला। बचाव कर्मियों को भारी बर्फबारी के बीच शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान अभी भी जारी है।
