रांची। ऑल झारखंड पारा मेडिकल एसोसिएशन (AJPMA) के बैनर तले स्वास्थ्य निदेशालय का आयोजित घेराव कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा। राज्यभर से जुटे सैकड़ों पारा मेडिकल और स्वास्थ्य कर्मियों के कड़े रुख के आगे विभाग को झुकना पड़ा। जोरदार प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख ने एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की और उनकी चारों प्रमुख मांगों पर सहमति जताई।
वार्ता के दौरान बनी सहमति के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को जारी किए गए स्थानांतरण आदेश में कर्मचारियों द्वारा दिए गए आवेदनों के आधार पर जरूरी संशोधन किए जाएंगे। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित एएनएम (ANM) संवर्ग का ग्रेड पे 2400 रुपये से बढ़ाकर 2800 रुपये करने की मांग को भी स्वीकार कर लिया गया है, जिस पर विभाग जल्द ही प्रस्ताव बनाकर आगे की कार्रवाई शुरू करेगा।
इसके अलावा भर्ती, प्रोन्नति और सेवा से जुड़े अन्य लंबित मामलों के त्वरित समाधान का भरोसा दिया गया है। वार्ता में एसोसिएशन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव उपेंद्र कुमार सिंह, चंदन कुमार, सुनंदा जायसवाल, संतोष कुमार मेहता, बबीता कुमारी और बहामुनि हेंब्रम शामिल थे। AJPMA ने इस निर्णय को राज्य के तमाम स्वास्थ्य कर्मियों के संघर्ष और एकजुटता की जीत बताया है।
