महिला आरक्षण बिल पर सियासी घमासान: रांची में 28 अप्रैल को बीजेपी निकालेगी मशाल जुलूस, विपक्ष पर बरसीं पूर्णिमा साहू

रांची: नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। संसद में इस बिल के विरोध को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में आगामी 28 अप्रैल को राजधानी रांची में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

मशाल जुलूस का रूट बीजेपी के कार्यक्रम के अनुसार, यह मशाल जुलूस कल शाम जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होगा और शहर के मुख्य केंद्र अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगा। इस जुलूस के माध्यम से बीजेपी उन विपक्षी दलों का पर्दाफाश करने की तैयारी में है, जिन्होंने संसद में महिला आरक्षण बिल का विरोध किया था।

विपक्ष पर जमकर बरसीं विधायक पूर्णिमा साहू भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को सदन में बिल पेश होने के दौरान विपक्ष का रवैया महिलाओं के प्रति उनके विश्वासघात को दर्शाता है। विधायक ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन स्पष्ट है कि आधी आबादी को सम्मान मिलना चाहिए। गृह मंत्री ने भी आश्वस्त किया है कि परिसीमन प्रक्रिया से किसी का अहित नहीं होगा, लेकिन विपक्ष केवल भ्रम फैला रहा है।”

स्वास्थ्य मंत्री पर भी साधा निशाना विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बयानों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं की भाषा उनकी महिला-विरोधी मानसिकता और हताशा को उजागर करती है। बीजेपी का स्पष्ट आरोप है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल राजनीति कर रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अब बीजेपी इस मुद्दे को सड़क पर ले जाकर जनता को विपक्ष की भूमिका से अवगत कराने की तैयारी में है, जिससे 28 अप्रैल को रांची की सड़कों पर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज रहने के आसार हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *