रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा, चुनरी और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने त्यौहारों के दौरान मिल रहे बेहतरीन प्रशासनिक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता के कारण पूजा समितियों को किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है। समय रहते जिला प्रशासन द्वारा बैठकें आयोजित कर सभी तैयारियों और समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है।
पूजा समितियों के सदस्यों ने राज्य सरकार के इस सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशासनिक सहयोग की उम्मीद जताई है।
