झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, मांगों को लेकर फिर खोला मोर्चा; 21 अक्टूबर से हड़ताल की चेतावनी

रांची: झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग और सरकार के खिलाफ एक बार फिर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध) के बैनर तले आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन का फैसला लिया गया। संघ के अनुसार, 6 अक्टूबर से सभी कर्मचारी काले बैज पहनकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। यदि समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं निकाला गया, तो 21 अक्टूबर से राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

कर्मचारियों की मुख्य मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का सीधा सरकारी संचालन, सिविल सर्जन के माध्यम से पारदर्शी वेतन भुगतान, सेवा से हटाए गए कर्मियों की वापसी तथा ईपीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम और न्यूनतम वेतन जैसी वैधानिक सुविधाओं की गारंटी शामिल है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *