झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र स्थित बड़ा भूमरी गांव में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने एक बंद कमरे की खिड़की तोड़कर करीब 22 लाख रुपये की चोरी की। चोर गोदरेज अलमारी में रखे 7 लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। यह घटना रविवार देर रात की है, जिसके बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
छठ मनाने गई थीं मां, चोरों ने उठाया फायदा:
पीड़ित देवरंजन मंडल और उनके भाई नयन मंडल के अनुसार, रविवार की रात परिवार के अन्य सदस्य घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। उनकी मां छठ पर्व मनाने के लिए जमशेदपुर के लक्ष्मीनगर स्थित अपनी बेटी के घर गई हुई थीं। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया और खिड़की तोड़कर कमरे में दाखिल हो गए। अलमारी से 7 लाख रुपये नकद, सोने के दो हार, दो चेन, कान की बालियां, अंगूठी और चांदी के आठ सिक्कों सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया गया।
रात दो बजे ऐसे हुआ चोरी का खुलासा:
परिजनों ने बताया कि रात करीब दो बजे मां के कमरे के पास सो रही उनकी बेटी की नींद खुली। जब उसने बाहर निकलने की कोशिश की, तो कमरा बाहर से बंद था। इसके बाद उसने घर के बाकी सदस्यों को जगाया। जब सभी ने मां के कमरे में जाकर देखा, तो वहां सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से नकदी व जेवरात गायब मिले।
पुलिस जांच में जुटी:
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात चोरों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।
