Jharkhand Foundation Day 2026: सीएम हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना के साथ बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, कहा- पूरे देश के लिए गौरव का दिन

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी व विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने ‘धरती आबा’ के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

पूरे भारत के लिए गौरव का दिन श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। यह दिन पूरे भारत के लिए गौरव का है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मानवता की एक नई राह दिखाई और उनके विचार व आदर्श आज भी पूरे समाज को मार्गदर्शन और प्रेरणा दे रहे हैं।

28 नवंबर को खेलगांव में होगा मुख्य समारोह झारखंड स्थापना दिवस पर राजधानी रांची में आयोजित होने वाला मुख्य समारोह इस बार स्थगित कर दिया गया है। अब यह भव्य कार्यक्रम आगामी 28 नवंबर को खेलगांव में आयोजित किया जाएगा। हालांकि, राज्यभर में विभिन्न सांस्कृतिक और अन्य छोटे-बड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रतियोगिताएं और ‘रन फॉर क्लीननेस’ का आयोजन स्थापना दिवस समारोह के तहत 17 से 27 नवंबर तक पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक कई प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें सफल रहने वाले प्रतिभागियों को 28 नवंबर को मुख्य समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले 15 नवंबर को राज्य के सभी 24 जिलों में ‘रन फॉर क्लीननेस’ (स्वच्छता दौड़) का आयोजन किया गया। रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से इस दौड़ की शुरुआत हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता का संदेश दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *