जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए शातिर आरोपी दानिश अंसारी उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक ऑटो रिक्शा बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी पहले से ही चोरी के कई मामलों में संलिप्त रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को कपाली थाना क्षेत्र के बागुनहातु चौक (गुरुद्वारा-मस्जिद के समीप) से एक मोटरसाइकिल चोरी हुई थी, जिसके बाद आजादनगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी दानिश अंसारी की पहचान की।
शुक्रवार को नूर कॉलोनी रोड पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दानिश को चोरी की बाइक के साथ धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में उसने आजादनगर थाना क्षेत्र से एक ऑटो चोरी करने की बात भी कबूल की, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ मानगो, सीतारामडेरा तथा आजादनगर थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
