रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक बड़ी वारदात टल गई। तुपुदाना थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के ION Digital Exam Centre के बाहर हथियार लेकर घूम रहे एक नाबालिग को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया है।
घटना शुक्रवार (21 अगस्त) सुबह करीब 9:30 बजे की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र के पास नारंगी गमछा और सफेद चेक शर्ट पहने एक संदिग्ध युवक कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष छापेमारी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर नाबालिग ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
पकड़ा गया नाबालिग रांची के धुर्वा (सेक्टर-2) का निवासी बताया जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसे यह देसी कट्टा किसी अन्य व्यक्ति ने सौंपा था। फिलहाल पुलिस नाबालिग के बताए गए सुरागों के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
