धनबाद: बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ अभद्रता, धमकी और थाने में तोड़फोड़ के मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस घटना को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन (रांची जिला शाखा) अब सीधे आर-पार के मूड में आ गई है। एसोसिएशन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि विधायक जयराम महतो और उनके उपद्रवी समर्थकों को 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा पुलिसकर्मी कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची शाखा के अध्यक्ष आनंद राज खलखो द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह विवाद 21 अगस्त की रात का है। आरोप है कि विधायक जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल कर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और धमकी देते हुए कहा— “सरकार बदलने दो, झारखंड के जिस भी कोने में रहोगे, खोजकर नौकरी खा जाऊंगा।”
सिर्फ फोन पर धमकी ही नहीं, बल्कि उसी रात विधायक अपने दर्जनों समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाने में दाखिल हुए। आरोप के मुताबिक, समर्थकों ने थाना प्रभारी के कक्ष में घुसकर बदसलूकी की, टेबल पर रखे सरकारी कागजात और सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया तथा थानेदार की नेम प्लेट भी तोड़ डाली।
इस घटना के बाद 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाने में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ कांड संख्या 146/26 दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं— 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत दर्ज की गई है। पुलिस एसोसिएशन के इस आक्रामक रुख से राज्य में सियासी और प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है।
