रांची: झारखंड के विभिन्न जेलों (कारागारों) में पारा मेडिकल स्टाफ की भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने पारा मेडिकल कर्मी नियुक्ति संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह परीक्षा आगामी 10 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। आयोग के मुताबिक, परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी और इसके लिए राजधानी रांची में कई परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
जुलाई के पहले हफ्ते में डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
JSSC के अनुसार, भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जुलाई के पहले सप्ताह में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दिए जाएंगे।
महत्वपूर्ण नोट: आयोग ने साफ तौर पर स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक (Post) या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। परीक्षार्थियों को केवल ऑनलाइन मोड में ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।
कदाचार करने पर जेल और जुर्माना; परीक्षा को लेकर JSSC सख्त
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोग ने कड़े सुरक्षा इंतजाम और सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। JSSC ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की नकल, पैरवी, अनुचित साधनों का उपयोग या पेपर लीक जैसी अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अगर कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा में धोखाधड़ी या कदाचार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ ‘झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023’ के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत दोषी पाए जाने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ कारावास (जेल) का भी कड़ा प्रावधान है।
