लातेहार:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को लातेहार जिले के मनिका प्रखंड कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़काडीह पंचायत के पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की इस अचानक हुई रेड से प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी कार्यालय छोड़कर इधर-उधर होते नजर आए।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, एक ग्रामीण से काम के एवज में पंचायत सचिव नागेश्वर रजक द्वारा अवैध राशि (रिश्वत) की मांग की जा रही थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की। एसीबी की टीम ने मामले का प्राथमिक सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर गुरुवार को जैसे ही पंचायत सचिव ने 10 हजार रुपये की राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें दबोच लिया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपने साथ ले गई टीम
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने रिश्वत के रूप में प्रयुक्त केमिकल युक्त नोटों और अन्य जरूरी साक्ष्यों को जब्त कर लिया। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी पंचायत सचिव को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एसीबी थाना ले जाया गया। प्रखंड कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप का माहौल है।
