खूंटी। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ा कदम उठाया है। खूंटी के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) सह महिला थाना की प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को ACB की टीम ने गुरुवार को 50,000 रुपये की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई महिला थाने के भीतर ही की गई, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित ने महिला थाना प्रभारी द्वारा काम के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ACB से की थी। शिकायत का शुरुआती सत्यापन कराने पर मामला सही पाया गया, जिसके बाद एसीबी ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
तय योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने रिश्वत की राशि थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी को सौंपी, मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें धड़ दबोचा। ब्यूरो की टीम आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने कार्यालय ले गई है।
ACB इस बात की भी जांच कर रही है कि इस मामले में विभाग के किसी अन्य कर्मी की संलिप्तता तो नहीं है। सरकारी पद का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ इस सख्त कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है।
