पटना: बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र स्थित ज्योतिष पथ पर मंगलवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की पहचान शुभम कुमार के रूप में हुई है, जो वारदात के समय अपने घर के बाहर खड़े होकर फोन पर बात कर रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने शुभम को निशाना बनाते हुए गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शुभम को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पटना सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) रंजन कुमार ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलते ही मामले की जांच को और तेज किया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
