रांची एयरपोर्ट से 5 उड़ानें बंद होने पर भड़का झारखंड चैंबर, कहा- घटनी नहीं, बढ़नी चाहिए फ्लाइट्स

रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 5 नियमित उड़ानों के अस्थायी रूप से बंद होने पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कड़ा रुख अपनाया है। चैंबर ने इस फैसले पर गहरी नाराजगी जताते हुए मांग की है कि राज्य में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उड़ानों की संख्या घटाने के बजाय बढ़ाई जानी चाहिए।

झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने शनिवार को बयान जारी कर रांची से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि रांची से जयपुर, गोवा, सूरत, रायपुर, बागडोगरा-गुवाहाटी और वाराणसी-अमृतसर के लिए तुरंत सीधी उड़ानें शुरू की जानी चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और देवघर एयरपोर्ट के लिए भी मांग

चैंबर ने सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि देवघर एयरपोर्ट से भी चेन्नई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए सीधी फ्लाइट्स शुरू करने की अपील की है। इसके अलावा, बंद हो चुकी रांची-भुवनेश्वर उड़ान सेवा को फिर से बहाल करने की मांग की गई है।

कारोबार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चैंबर ने रांची से दुबई और बैंकॉक जैसे बड़े विदेशी शहरों के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

‘लास्ट मिनट’ फ्लाइट कैंसिलेशन पर हो कार्रवाई

यात्रियों की सहूलियत का मुद्दा उठाते हुए चैंबर ने मांग की है कि अंतिम समय (लास्ट मिनट) में उड़ानें रद्द होने पर एयरलाइंस कंपनियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को होने वाली मानसिक और आर्थिक परेशानी से बचाया जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *