रांची: झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर आगामी 15 जून को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की ओर से विशेष ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। इस खास दिन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित करना है।
पारंपरिक अंदाज में होगा यात्रियों का वेलकम
15 जून को रांची पहुंचने वाले यात्रियों का स्वागत बेहद खास तरीके से किया जाएगा।
- वेलकम किट: अराइवल टर्मिनल पर यात्रियों को तिलक लगाकर, गुलाब का फूल और चॉकलेट देकर उनका स्वागत होगा।
- यादों को संजोने का मौका: यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर विशेष सेल्फी प्वाइंट और फोटो बूथ भी बनाए जाएंगे।
छऊ नृत्य और स्थानीय कला का दिखेगा जलवा
विमानन क्षेत्र के सफर के साथ-साथ यात्री झारखंड की संस्कृति से भी रूबरू होंगे। एयरपोर्ट परिसर में राज्य के प्रसिद्ध छऊ नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा स्थानीय कला और हस्तशिल्प (Handicraft) की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य शिविर: ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों की मुफ्त जांच
नगर विमानन प्राधिकरण इस दिन सामाजिक सरोकार से जुड़े कई बड़े कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है:
- फ्री हेल्थ कैंप: यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ के लिए रक्तदान शिविर और मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।
- ड्राइवर्स के लिए आई चेकअप: एयरपोर्ट पर आने वाले ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मुफ्त नेत्र जांच (Eye Checking) शिविर का आयोजन होगा।
स्वच्छता, पर्यावरण और छात्रों के लिए ‘टूर’
- ग्रीन एयरपोर्ट: पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए एयरपोर्ट परिसर में पौधारोपण किया जाएगा और यात्रियों को पौधे बांटे जाएंगे। साथ ही पार्किंग और कनेक्टिंग रूट्स पर विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा।
- एयरपोर्ट फैमिलियराइजेशन: विमानन क्षेत्र (Aviation Sector) में युवाओं की रुचि बढ़ाने के लिए मेधावी छात्रों को एयरपोर्ट का टूर कराया जाएगा और वर्किंग प्रोसेस समझाया जाएगा।
