ठांय-ठांय-ठांय… रांची में सुबह-सुबह कोयला कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने बदमाश का किया एनकाउंटर, 5 गिरफ्तार

Ranchi Police Encounter: झारखंड में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानोगी राजधानी रांची में देखने को मिली है। कांके थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में शुक्रवार तड़के अपराधियों ने कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। गनीमत यह रही कि इस सनसनीखेज वारदात के महज 13 घंटे के भीतर रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के 5 बदमाशों को धर दबोचा।

सीठियो में हुई पुलिस-अपराधियों की मुठभेड़ पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी कुख्यात राहुल दुबे गैंग के बताए जा रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद जब ये बदमाश शहर से भागने की फिराक में थे, तब नगड़ी और धुर्वा थाना क्षेत्र की सीमा पर रिंग रोड के पास पुलिस ने इनकी घेराबंदी की। पूछताछ के दौरान जब एक साथी के सीठियो में छिपे होने की जानकारी मिली, तो पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से गैंग का एक अपराधी घायल हो गया।

हथियार और वाहन बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन आधुनिक पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:

  • सौरभ कुमार उर्फ विलन (मुठभेड़ में घायल)
  • कुंदन उर्फ आदित्य
  • ऋषभ यादव
  • गुड्डू मिश्रा
  • मोहित पासवान

बता दें कि मूल रूप से रामगढ़ के उरीमारी के रहने वाले और खलारी क्षेत्र में ईंट-भट्ठा व कोयला कारोबार से जुड़े संजय करमाली के घर के बाहर अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाई थीं। कांके पुलिस ने मौके से पांच खोखे बरामद किए हैं। वहीं, इस घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों में रोष और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *