नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें उनके पद से तत्काल हटाने की मांग की है। ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम के दौरान खरगे ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों के तहत निर्वाचन आयोग को संचालित कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि विपक्ष देश की जनता के मताधिकार और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को बचाने के लिए पूरी ताकत से अपनी यह लड़ाई जारी रखेगा।
स्वतंत्र और निष्पक्ष कामकाज की मांग खरगे ने स्पष्ट किया कि ज्ञानेश कुमार के साथ विपक्ष का कोई व्यक्तिगत बैर या दुश्मनी नहीं है। विपक्ष की सिर्फ इतनी मांग है कि संवैधानिक संस्था यानी निर्वाचन आयोग को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची जा रही है, जिसके तहत पूरी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
संसद में दिया गया था नोटिस कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि सीईसी के खिलाफ विपक्ष की ओर से पहले ही संसद में नोटिस दिया गया था। यह कदम देश के मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उठाया गया था।
खरगे ने साल 2023 के मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस कानून को ‘जबरन पारित’ कराया गया था। उन्होंने दावा किया कि इसी विवादास्पद कानून की वजह से चुनाव प्रक्रिया में मनमानी की गुंजाइश बन रही है और विपक्ष लगातार चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल खड़े कर रहा है।

GdGNCRYXynMAwwDDYyN