रांची: तुपुदाना थाना क्षेत्र स्थित तुपुदाना चौक पर बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चौक पर मौजूद ‘फैशन हाउस’ नामक कपड़ों की दुकान की एस्बेस्टस सीट काटकर घुसे चोरों ने 20 हजार रुपये नगद समेत लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की भनक लगते ही दुकान मालिक ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही तुपुदाना थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
स्थानीय व्यापारियों में इस घटना के बाद से भारी आक्रोश और डर का माहौल है। कारोबारियों का कहना है कि महज दो दिन पहले भी इसी चौक की दो अन्य दुकानों को चोरों ने अपना निशाना बनाया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
