तिरुपति: आंध्र प्रदेश स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का प्रबंधन करने वाले ‘तिरुमला तिरुपति देवस्थानम’ (TTD) ने एक अनूठी पहल की है। तिरुमला के आसपास फैले जंगलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को पुख्ता करने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए TTD अब आधुनिक रोबोटिक कुत्तों (Robot Dogs) को तैनात करने की योजना बना रहा है।
इस तकनीक के इस्तेमाल का मूल्यांकन करने के लिए TTD के अतिरिक्त कार्यपालक अधिकारी (AEO) सीएच वेंकैया चौधरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने तिरुमला के श्री पद्मावती गेस्ट हाउस में चार पैरों वाले इस आधुनिक रोबोट का प्रदर्शन (Demo) देखा और इसकी समीक्षा की। TTD द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, एआई (Artificial Intelligence), अत्याधुनिक सेंसर और लिडार (LiDAR) तकनीक से लैस ये रोबोट कुत्ते जंगलों में जानवरों की आवाजाही पर पैनी नजर रखेंगे, जिससे पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह के संभावित खतरे से समय रहते बचाया जा सकेगा।
