रांची/मुरी: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की फ्लाइंग टीम और मुरी पोस्ट ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरी रेलवे स्टेशन से अवैध शराब की एक खेप बरामद की है। यह सफलता आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत मिली है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया।
फुट ओवरब्रिज के पास संदिग्ध हालत में पकड़ाया आरोपी जानकारी के अनुसार, मुरी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में असामाजिक तत्वों, दलालों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नए फुट ओवरब्रिज के पास सुरक्षा बलों को एक व्यक्ति सफेद रंग का भारी बोरा लिए संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखा।
संदेह होने पर जब आरपीएफ जवानों ने उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली, तो बोरे से 79 पाउच और केन अवैध शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 10,000 रुपये आंकी गई है।
बिहार में खपाने की थी तैयारी पकड़े गए आरोपी की पहचान बिंदेश्वर यादव (64 वर्ष), निवासी शफीपुर, जिला पटना (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुबूल किया कि वह इस शराब को झारखंड से कम दामों में खरीदकर बिहार ले जा रहा था, ताकि वहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमा सके।
टीम में ये रहे शामिल इस सफल छापेमारी अभियान में आरपीएफ पोस्ट मुरी के एएसआई एसके सिंह, अवनीश सिंह और फ्लाइंग टीम रांची के उपनिरीक्षक रवि शेखर सहित अन्य जवानों की मुख्य भूमिका रही। आरपीएफ ने आरोपी को शराब समेत उत्पाद विभाग रांची के हवाले कर दिया है।
