हटिया-पटना एक्सप्रेस में RPF का एक्शन: जनरल बोगी से 32 बोतल अवैध शराब जब्त, लावारिस बैग में छिपाकर रखी थी खेप

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ट्रेनों में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरपीएफ की टीम ने हटिया-पटना एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18624) के जनरल कोच से लावारिस हालत में रखी 32 बोतल अवैध शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।

यात्री सीटों के नीचे छिपे थे संदिग्ध बैग

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई हटिया आरपीएफ पोस्ट की ट्रेन एस्कॉर्टिंग टीम द्वारा हटिया-रांची रेलखंड के बीच की गई। रूटीन चेकिंग के दौरान प्रधान आरक्षी दिनेश कुमार और उनकी टीम को जनरल बोगी में सीटों के नीचे दो संदिग्ध बैग दिखाई दिए। टीम ने जब कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, तो किसी ने भी उन बैगों पर अपना दावा नहीं जताया। इसके बाद ट्रेन के रांची स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचते ही इसकी सूचना रांची आरपीएफ को दी गई।

बैग खोलते ही खुली पोल, उत्पाद विभाग को सौंपी खेप

सूचना मिलते ही रांची आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों बैगों की तलाशी ली। बैग खोलने पर उनके अंदर से ‘झारखंड रॉयल’ ब्रांड की कुल 32 बोतलें (प्रत्येक बैग में 16-16 बोतलें) बरामद हुईं। आरपीएफ पोस्ट रांची के उपनिरीक्षक अजीत कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब को अपनी कस्टडी में ले लिया।

कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ ने जब्त की गई इस अवैध खेप को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में हटिया आरपीएफ एस्कॉर्टिंग टीम के प्रधान आरक्षी दिनेश कुमार, आरक्षी कुमार पप्पू, बलदेव सिंह, अमरेश कुमार और रांची आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *