रांची: रांची रेल मंडल में सोमवार, 31 अगस्त को आयोजित एक विशेष विदाई समारोह के दौरान 5 रेलकर्मी अपनी लंबी और समर्पित सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए। मंडल सभागार ‘आरोहण’ में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों—बिमल कृष्ण तरफदार, भूनेश्वर राम, कलावती महतो, प्रबल कान्ति चक्रबोर्ती और विमला देवी को उनके सेवा भुगतान और आवश्यक दस्तावेज प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) हेमराज मीना ने सभी कर्मचारियों के बहुमूल्य योगदान की सराहना करते हुए रेलवे के प्रति उनके समर्पण के लिए आभार जताया। उन्होंने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं और साइबर अपराधों से सावधान रहने, किसी भी संदेहास्पद कॉल या मैसेज से सतर्क रहने तथा एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
