रांची: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए राज्यभर में बड़े पैमाने पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा तैयारियों के तहत राज्य में:
- 10,000 से अधिक जिला पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
- 6,000 से ज्यादा होमगार्ड के जवानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- 7 कंपनियां केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों (RAP और RAF सहित) की उतारी गई हैं।
ड्रोन से निगरानी और सोशल मीडिया पर नजर
सभी जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, खासकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। मुहर्रम के जुलूस और अखाड़ों की हर गतिविधि पर ड्रोन और वीडियो कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही, अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।
प्रशासन की अपील: पुलिस मुख्यालय ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनता से अपील की है कि वे शांति और भाईचारा बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
