बोकारो: जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पुपुनकी गांव में पुलिस पर पथराव की घटना सामने आई है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने की जानकारी मिलते ही चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, स्थानीय लोग इस घटना के लिए थाना प्रभारी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुपुनकी आश्रम में बड़ी संख्या में अनुयायी जुटे हुए थे। इसी दौरान सड़क किनारे कुछ युवक शराब पी रहे थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सड़क पर वाहनों को रोका जाने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोग पुलिस से उलझ गए और पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया और पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, पहले से ही थाने को आश्रम में भीड़ जुटने की सूचना थी, लेकिन इसके बावजूद थाना प्रभारी द्वारा कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। फिलहाल पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। उल्लेखनीय है कि पुपुनकी आश्रम जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद पहले से चला आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सड़क पर गाड़ियां रोकी जा रही थीं, उसी समय पुलिस को सूचना दी गई थी। यदि समय रहते पुलिस बल पहुंच जाता, तो यह घटना टाली जा सकती थी। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण हालात बिगड़े।
