बगहा में बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: पोल गाड़ने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर किया हंगामा

बगहा (बिहार): बिहार के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत धनहा पंचायत से सरकारी तंत्र में फैले कथित भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ खेतों में सिंचाई के लिए बिजली के पोल गाड़ने के नाम पर गरीब किसानों से अवैध उगाही किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। इस धांधली के खिलाफ शनिवार सुबह करीब 10 बजे सैकड़ों उग्र ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जमकर बवाल काटा और बिजली विभाग की ट्रैक्टर-ट्रॉली को बंधक बना लिया।

प्रति परिवार 2,000 रुपये मांगने का आरोप, दलाल के जरिए खेल

पूरा मामला धनहा पंचायत के वार्ड नंबर 13 (मुसहरी विन टोली) का है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए लगाए जा रहे बिजली के खंभों के बदले ठेकेदार एक दलाल के जरिए हर गरीब और किसान परिवार से दो-दो हजार रुपये की मनमानी मांग कर रहा था। इसी अवैध वसूली से नाराज ग्रामीणों ने काम ठप करा दिया और दो टूक कहा कि जब तक वसूला गया पैसा वापस नहीं मिलता, तब तक विभाग के ट्रैक्टर को नहीं छोड़ा जाएगा।

मुखिया प्रतिनिधि ने उठाए सवाल, घंटों तक रहा हाई वोल्टेज ड्रामा

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे धनहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भागीरथी गुप्ता ने स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि गरीबों का शोषण तुरंत बंद हो और इस अवैध सिंडिकेट को चलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने की कोशिश में जुट गई।

एसडीएम ने दिए जांच के आदेश, बीडीओ को कमान

मामला तूल पकड़ते ही प्रशासनिक महकमा भी रेस हो गया है। इस पूरे विवाद पर बगहा की एसडीएम चांदनी कुमारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से मधुबनी बीडीओ को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने भरोसा दिलाया है कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बनेगी।

शनिवार को हुए इस बड़े प्रदर्शन में मुख्य रूप से डबलू बैठा, कन्हैया साहनी, हीरा लाल साहनी, अनिल साहनी, उमेश कुशवाहा, टुनटुन कुशवाहा, मुन्नी देवी, फुलवार कुशवाहा, परशुराम विन सहित भारी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *