रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सांगठनिक ढांचे को सशक्त बनाने और आगामी विभिन्न अभियानों की सफलता को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई।
संगठन विस्तार पर जोर बैठक के दौरान राज्य भर में पार्टी संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया गया। इसमें विशेष रूप से जिला और मंडल स्तर पर शेष बची कमेटियों के गठन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियां और तेज हो सकें।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ रहा। यह विशेष अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेश भर में जनसेवा के विभिन्न कार्य आयोजित किए जाएंगे, जिसमें ‘आशीर्वाद दीया’ प्रज्वलित करने सहित कई सामाजिक और कल्याणकारी कार्यक्रम शामिल हैं।
