राज्यसभा चुनाव का बिगुल: 12 राज्यों की 26 सीटों पर 18 जून को वोटिंग, गुजरात में इतिहास रचने की तैयारी में BJP

नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने देश के 12 राज्यों की कुल 26 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर आगामी 18 जून को मतदान होगा। जिन दिग्गज नेताओं का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अरुणाचल प्रदेश से नबाम रेबिया और जेडीएस (JDS) सुप्रीमो व पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

24 सीटों पर नियमित चुनाव और 2 सीटों पर उपचुनाव

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, कुल 26 सीटों में से 24 सीटों पर द्विवार्षिक (नियमित) चुनाव होंगे, जबकि 2 सीटों पर उपचुनाव कराया जाएगा। उपचुनाव वाली सीटों में तमिलनाडु से सीवी षण्मुखम और महाराष्ट्र से सुनेत्रा अजीत पवार की खाली हुई सीटें शामिल हैं।

किस राज्य से कितनी सीटें खाली हो रही हैं:

  • 4-4 सीटें: कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात
  • 3 सीटें: मध्य प्रदेश
  • 2 सीटें: झारखंड
  • 1-1 सीट: अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय

क्या है चुनाव का पूरा शेड्यूल?

  • अधिसूचना (Notification): 1 जून 2026
  • नामांकन की आखिरी तारीख: 8 जून 2026
  • मतदान (Voting): 18 जून (सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक)
  • मतगणना और परिणाम: 18 जून की शाम से ही वोटों की गिनती शुरू होगी और देर रात तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

गुजरात में रचा जाएगा इतिहास: राज्यसभा से साफ हो जाएगा कांग्रेस का पत्ता!

इस चुनाव में सबसे दिलचस्प समीकरण गुजरात से बन रहा है, जहाँ 4 सीटों पर चुनाव होना है। वर्तमान में यहाँ की 4 सीटों में से 3 भाजपा और 1 कांग्रेस के पास है। कांग्रेस के कद्दावर नेता शक्ति सिंह गोहिल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

गुजरात विधानसभा में मौजूदा संख्याबल (भाजपा के 162 विधायक) को देखते हुए सभी 4 सीटों पर भाजपा की निर्विरोध जीत तय मानी जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो गुजरात के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब उच्च सदन (राज्यसभा) में गुजरात से कांग्रेस का एक भी प्रतिनिधि यानी सांसद नहीं बचेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *