रांची: आगामी महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शहर के सभी छठ घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। इसी कड़ी में 31 अक्टूबर को रांची नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का औचक निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब (डोरंडा), स्वर्णरेखा नदी घाट (नामकुम) और तिरिल तालाब (कोकर) पहुंचकर चल रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा, स्वच्छता और जल गुणवत्ता पर विशेष जोर निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाटों पर साफ-सफाई, पानी की गुणवत्ता, सुरक्षा प्रबंधों, प्रकाश व्यवस्था और चल रहे सिविल कार्यों का गहराई से मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और आवश्यक सुझाव लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अतिरिक्त मैनपावर लगाने और विशेष सफाई अभियान के निर्देश नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी छठ घाटों पर उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर तैनात किया जाए और एक विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही, महापर्व से पहले घाटों पर पुख्ता प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग व अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

One thought on “रांची न्यूज़: नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने किया प्रमुख छठ घाटों का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और सुरक्षा के कड़े निर्देश”