पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का भारी बवाल: ट्रेन लेट होने पर तोड़फोड़ और पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, लाठीचार्ज

पटना: बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय युद्ध का मैदान बन गया, जब परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रेनों के लेट चलने से नाराज छात्रों ने जमकर हंगामा किया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। उग्र प्रदर्शनकारियों द्वारा ट्रेन में तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस द्वारा चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग किए जाने की भी खबर है।

परीक्षा छूटने के डर से भड़का अभ्यर्थियों का गुस्सा

जानकारी के अनुसार, रविवार को बड़ी संख्या में छात्र मद्य निषेध विभाग की परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने की आपाधापी के बीच जब ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी लेट चलने लगीं, तो अभ्यर्थियों का सब्र टूट गया। परीक्षा छूटने के डर से नाराज छात्रों ने स्टेशन परिसर में ही रेल प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में भीड़ उग्र हो गई और रेलवे संपत्ति को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

विशेष ट्रेनों की थी व्यवस्था, उपद्रवियों पर हुई कार्रवाई: प्रशासन

मामले पर पटना के जिलाधिकारी (DM) डॉ. त्यागराजन ने बताया कि छात्र ट्रेन व्यवस्था से जुड़ी मांगों को लेकर विरोध कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की थी, जो स्टेशन पर मौजूद थीं। वहीं, आईजी (IG) ने कहा कि आम यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति को भारी नुकसान से बचाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *