रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में स्थित झारखंड राय यूनिवर्सिटी (JRU) के एक बीटेक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जिनका शव बुधवार सुबह यूनिवर्सिटी के पास राजाउलातू स्थित उनके किराए के कमरे से बरामद किया गया।
किराए के कमरे में अकेले रह रहा था छात्र
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार पहले अपने एक दोस्त के साथ इस किराए के मकान में रहा करता था। हालांकि, कुछ दिन पहले उसका दोस्त कमरा छोड़कर चला गया था, जिसके बाद से मनीष उस कमरे में अकेले ही रह रहा था। बुधवार सुबह छात्र की मौत की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
मूल रूप से हजारीबाग के रहने वाले थे मनीष
मृतक मनीष कुमार मूल रूप से हजारीबाग जिले के पेटो गांव के रहने वाले थे और रांची में रहकर झारखंड राय यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।
