पदभार संभालते ही एक्शन में भाजपा किसान मोर्चा के नए अध्यक्ष अर्जुन सिंह, हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान

रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के महान विचारकों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई।

कार्यभार संभालते ही अर्जुन सिंह ने स्पष्ट कर दिया कि संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हेमंत सोरेन सरकार पर साधा निशाना पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अर्जुन सिंह ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर किसानों से वादाखिलाफी करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने यूरिया आपूर्ति और धान खरीद के मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा।

अर्जुन सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने किसानों को 274 रुपये में यूरिया उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में किसानों को यही यूरिया 1200 रुपये तक में खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा, सरकार ने 3200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा किया था, जबकि हकीकत में महज 2400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदारी की जा रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के हक के साथ हो रहे इस खिलवाड़ के खिलाफ किसान मोर्चा जल्द ही राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।

2029 के चुनावों और केंद्रीय योजनाओं पर जोर समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि देश की आत्मनिर्भरता किसानों की आत्मनिर्भरता पर निर्भर करती है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2029 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए किसानों के अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने और कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की बात कही।

वहीं, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने सभी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को राज्य के अंतिम किसान तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *