नई दिल्ली: मध्य कश्मीर के यूसमर्ग के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का खूंखार पाकिस्तानी आतंकवादी यासिर मारा गया। मारा गया आतंकी पुंछ में भारतीय वायुसेना के काफिले पर हमले, गगनगीर में मजदूरों पर और गुलमर्ग के बोटा पथरी में सैन्य वाहन पर हुए जानलेवा आतंकी हमलों में सीधे तौर पर शामिल था।
पीर पंजाल पर्वतमाला में करीब 12,000 से 15,500 फीट की अत्यधिक ऊंचाई पर चले इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने भारी बारिश और बेहद कम दृश्यता (विजिबिलिटी) के बावजूद आतंकियों की घेराबंदी की। मारे गए आतंकी के पास से एक एके-47 राइफल बरामद हुई है। श्रीनगर स्थित चिनार कोर के अनुसार, गुफाओं के पीछे छिपे उसके साथी आतंकी ‘मूसा’ की तलाश में क्षेत्र की नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
