सुपौल: बिहार के सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र से एक महिला कॉन्स्टेबल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान भोजपुर जिले के पटखैली गांव निवासी रितु कुमारी के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर जिला बल में कार्यरत थीं और इन दिनों भीमनगर स्थित बीएमपी में प्रशिक्षण ले रही थीं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात किशनपुर थाना परिसर स्थित ब्लॉक के सभा भवन के एक बाथरूम में उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि जिस बाथरूम में शव मिला, वह सामान्य उपयोग में नहीं था और उसमें चुनाव सामग्री रखी गई थी, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष, एफएसएल टीम और जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है।
मौके से एक सुसाइड नोट और कुछ अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मृतका का मोबाइल फोन भी उनकी जेब से मिला है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। बताया जा रहा है कि रितु कुमारी की ड्यूटी ईद और रामनवमी को लेकर किशनपुर में लगाई गई थी।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रितु कुमारी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। यह भी जानकारी सामने आई है कि प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था, हालांकि उस समय साथियों ने उन्हें बचा लिया था।
वहीं, मृतका के भाई रोहित कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे उन्हें विभाग की ओर से बहन की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत की खबर मिली। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
