रांची: राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत एमिटी यूनिवर्सिटी (Amity University) के बाहर सोमवार शाम करीब 4:45 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई। चतरा से विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ का काले रंग की स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। घटना के दौरान हमलावरों ने यूनिवर्सिटी के बाहर खड़ी सौरभ की थार गाड़ी में लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की और सौरभ को घसीटकर बाहर निकालते हुए मारपीट के बाद स्कॉर्पियो में बिठाकर फरार हो गए।
पुलिस की नाकेबंदी के बाद अरगोड़ा चौक पर फेंक कर भागे आरोपी
हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने तुरंत विशेष टीम का गठन कर टेक्निकल सेल को सक्रिय किया और शहर भर में नाकेबंदी कर दी। पुलिस के बढ़ते दबाव और गाड़ियों की चेकिंग को देख आरोपी सौरभ को अरगोड़ा चौक के पास सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए।
स्कॉर्पियो के भीतर भी की बर्बरता, सिर और आंख में गंभीर चोटें
अपहरण के दौरान स्कॉर्पियो के भीतर भी आरोपियों ने सौरभ के साथ बेल्ट और घूंसे से मारपीट जारी रखी। प्राथमिक चिकित्सीय जांच में सौरभ के शरीर, आंख, जबड़े और सिर में गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। विधायक जनार्दन पासवान ने अपने बेटे की स्थिति नाजुक बताते हुए कहा कि डॉक्टरों की विशेष टीम उसकी देखरेख में लगी हुई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
